
भाटापारा। शहर में असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात नशे में धुत युवकों के उत्पात से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। आए दिन लूटपाट और मारपीट की घटनाएँ सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त महज खानापूर्ति बनकर रह गई है।बुधवार – गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे, मां शारदा मोबाइल शॉप के संचालक कान्हा गुप्ता पेंड्रा से तेरहवीं का कार्यक्रम संपन्न कर लौट रहे थे। इसी दौरान होटल आदित्य गोल्डन के पास सात-आठ युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया और जेब से नकदी लूट ली। किसी तरह जान बचाकर गुप्ता वहां से निकले।
घटना के बाद शहर के व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।कान्हा गुप्ता ने कहा, “मैं इस वारदात से मानसिक रूप से आहत हूं। पुलिस प्रशासन शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर ध्यान दे।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में रात के समय “छपरी” कहलाने वाले नशेड़ी युवक आए दिन राहगीरों से झगड़ा, गाली-गलौज और लूटपाट करते हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है।




