क्राइमछत्तीसगढ़

मरकामगोढ़ी में घर-दुकान से सोना-चांदी और नकदी की चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर रेलवे स्टेशन से पकड़े गए आरोपी, पुलिस ने ₹4.84 लाख का मशरूका किया जप्त

सक्ती। थाना सक्ती पुलिस ने मरकामगोढ़ी में हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, राशन सामग्री, बीड़ी-सिगरेट और अन्य सामान सहित कुल ₹4,84,000 का मशरूका जप्त किया गया है। आरोपी बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर फरार होने की नीयत से रुके हुए थे, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोचा।

प्रार्थिया सीता देवांगन, निवासी मरकामगोढ़ी ने 5 नवम्बर 2025 को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 नवम्बर की शाम वह परिवार सहित मायके अड़भार गई थीं। अगले दिन दोपहर जब वापस लौटीं तो देखा कि घर और दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर से सोने-चांदी के जेवरात, ₹1 लाख नकद, बीड़ी, सिगरेट, मिक्चर, बिस्किट और राशन सामग्री सहित ₹2.50 लाख के सामान चोरी हो गए थे।रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 408/2025, धारा 331(4), 305ए, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बिलासपुर स्टेशन से दबोचे गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिश यादव के मार्गदर्शन में टीम द्वारा संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। सायबर टीम की तकनीकी सहायता से प्राप्त मुखबिर सूचना पर पता चला कि कुछ संदिग्ध युवक बिलासपुर रेलवे स्टेशन में संदिग्ध वस्तुओं के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया—उधारी विवाद के बाद बनाई थी चोरी की योजना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनोज पटेल का सीता देवांगन से दुकान के उधारी सामान को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में सभी ने मिलकर सीता देवांगन के घर और दुकान में चोरी करने की योजना बनाई। 4 नवम्बर की रात आरोपी मोटरसाइकिल से मरकामगोढ़ी पहुंचे, ताला तोड़कर दुकान में रखे सामान और घर से नकदी व जेवर चोरी कर लिए। कुछ रकम खर्च कर बाकी माल आपस में बांट लिया।

पुलिस ने कीमती माल किया बरामद

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी, राशन सामग्री, बीड़ी-सिगरेट, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल ₹4,84,000 का माल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण के नाम

  1. नरेन्द्र पटेल पिता तिलेश्वर पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी मरकामगोढ़ी
  2. देवकुमार सिदार पिता बालाराम सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी मरकामगोढ़ी
  3. मनोज पटेल पिता कीर्तन पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी कांदानारा
  4. दीपक यादव पिता स्व. मनबोध यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी कसेरपारा सक्ती
  5. एक विधि से संघर्षरत बालक

टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल (थाना प्रभारी सक्ती), निरीक्षक अमित सिंह (प्रभारी सायबर सेल सक्ती) के नेतृत्व में सउनि राजेश यादव, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन, विनोद कंवर, यादराम चंद्रा, चित्रकेतु लहरे, श्याम गबेल, म.आर. रेखा कंवर, तथा सायबर टीम से आरक्षक अलेक्सियुस मिंज, जितेंद्र कंवर, गोपाल साहू, और कमलेश लहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button
Latest